बकरीद को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सभी जिलों को दिए सख्त निर्देश

Spread the News

रांची, 26 मई: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में राज्य की विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों एवं वरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।

बैठक में डीजीपी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों को अतिरिक्त गश्ती दल सक्रिय रखने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने तथा ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, शांति समिति की बैठकों को नियमित रूप से आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं धार्मिक नेताओं के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, फेक न्यूज या सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य के रांची, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और धनबाद समेत कई संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की तैयारी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।