रांची, 26 मई : झारखंड समेत पूरे उत्तर भारत में रविवार 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो गई है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार रविवार रात 8 बजकर 7 मिनट पर रोहिणी नक्षत्र में सूर्य के प्रवेश के साथ ही नौ दिनों तक चलने वाले नौतपा का आरंभ माना गया। इसका समापन 2 जून को होगा।
धार्मिक मान्यताओं और मौसम विज्ञान के अनुसार नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें पृथ्वी पर सीधी पड़ती हैं, जिससे गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है। इस अवधि में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना रहती है। झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली समेत कई राज्यों में लू और भीषण गर्मी का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नौतपा के दौरान तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
धार्मिक दृष्टि से नौतपा को विशेष महत्व दिया जाता है। मान्यता है कि इस दौरान पड़ने वाली तेज गर्मी खेती और मानसून के लिए भी लाभकारी मानी जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इसे अच्छी वर्षा और बेहतर फसल से जोड़कर देखते हैं।
इधर, नौतपा की शुरुआत के साथ ही झारखंड के कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है।