रामगढ़, 06 मई: मंगलवार को रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया।
उपायुक्त ने ड्यूटी रोस्टर की जांच करते हुए निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक निर्धारित समय पर ओपीडी एवं वार्ड में उपस्थित रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राउंड के दौरान डॉक्टरों की अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वार्डों का भ्रमण कर मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद किया और अस्पताल द्वारा दी जा रही सेवाओं पर फीडबैक लिया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि पात्र मरीजों को योजना का लाभ बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराया जाए।
दवा स्टॉक रजिस्टर की जांच के दौरान उन्होंने डॉक्टरों को सख्त निर्देश दिए कि केवल अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही लिखी जाएं, ताकि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े।
उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, कर्मियों के अनुशासन और मरीजों के साथ शालीन व्यवहार पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि इलाज में लापरवाही या ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सिविल सर्जन को नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना है और सदर अस्पताल में समय पर डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।