भीषण गर्मी में बिजली-पानी पर सख्त हुए उपायुक्त, गूगल मीट से समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 06 मई: जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए बिजली और पेयजल आपूर्ति को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। मंगलवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने गूगल मीट के माध्यम से जलापूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता को किसी भी हाल में पानी और बिजली की समस्या का सामना न करना पड़े।

पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निर्देश दिया कि खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए तथा पाइपलाइन लीकेज को तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो, वहां टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

वहीं बिजली आपूर्ति को लेकर उपायुक्त ने विद्युत विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बदलने का भी निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कनीय एवं सहायक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी में आम लोगों को राहत पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करें।