रामगढ़, 15 अप्रैल 2026: उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र, हजारीबाग के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) अंजनी कुमार झा के रामगढ़ आगमन पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं पतरातु के सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गोस्वामी द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया।
इसके पश्चात डीआईजी ने पुलिस कार्यालय, रामगढ़ में संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में जनवरी 2026 से अब तक फायरिंग, आगजनी, पोस्टरबाजी एवं धमकी भरे कॉल से जुड़े सभी लंबित मामलों की कांडवार समीक्षा की गई। साथ ही जेल से बाहर आए या जमानत पर छूटे अपराधियों पर की जा रही निगरानी एवं उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई का भी जायजा लिया गया।
समीक्षा के दौरान डीआईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी व्यवसायी या संवेदक को गिरोह द्वारा धमकी मिलने पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाए। गिरोह को सहयोग करने वाले स्थानीय तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने एंटी क्राइम चेकिंग को रोजाना बदलते समय और स्थान पर संचालित करने, आसूचना तंत्र को मजबूत करने तथा फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने पर जोर दिया। संगठित गिरोहों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने और अपराधियों का विस्तृत डाटाबेस तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि जेल में बंद अपराधियों के खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने लंबित मामलों में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से शीघ्र सजा दिलाने, वारंट-इश्तेहार की कार्रवाई समय पर पूर्ण करने और सभी थाना क्षेत्रों में सीसीटीवी व स्लाइडिंग बैरियर लगाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही ब्लैक फिल्म लगे चार पहिया वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करने और संवेदनशील स्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था व सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सभी पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना एवं ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।