रामगढ़, 15 अप्रैल: जिले में संभावित बड़ी आपराधिक घटना को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। दिनांक 13 अप्रैल 2026 की रात करीब 08:30 बजे पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को गुप्त सूचना मिली कि पतरातु थाना क्षेत्र के हेसला गांव में राहुल दुबे गैंग के सदस्य अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातु गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। साथ ही सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में हेसला स्थित टाइप-2 काली मंदिर मैदान में एक संदिग्ध बाइक (जेएच 02एबी 5319) पर सवार दो युवकों को रोका गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम करण करमाली (19 वर्ष) एवं शिवम मिश्रा उर्फ शिवम आनंद उर्फ नंदू (23 वर्ष) बताया। तलाशी के दौरान करण करमाली के पास से 7.65 एमएम का लोडेड देशी पिस्टल एवं 3 जिंदा गोलियां बरामद हुईं। वहीं बाइक के कैरियर में रखे बैग से 9 एमएम की लोडेड देशी कारबाइन और 2 जिंदा गोलियां बरामद की गईं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि 4 अप्रैल 2026 को पतरातु स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई गोलीबारी की घटना में भी वे शामिल थे।
इस संबंध में पतरातु थाना कांड संख्या 91/26, दिनांक 14 अप्रैल 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बरामद सामान:
9 एमएम देशी कारबाइन – 01
9 एमएम जिंदा गोली – 02
7.65 एमएम देशी पिस्टल – 01
7.65 एमएम जिंदा गोली – 03
हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (जेएच 02एबी 5319)
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी वारदात टल गई है और आम लोगों ने राहत की सांस ली है।