रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 05 दिसंबर। जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर गुरुवार को समाहरणालय सभा कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने की।
बैठक में मुख्य रूप से दो मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। पहला, भारत निर्वाचन आयोग एवं झारखंड मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन। गुप्ता ने बताया कि जिन मतदान केंद्रों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, उन्हें विभाजित कर नए सहायक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे ताकि मतदाताओं को सुगमता हो और लंबी कतारों से निजात मिले। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु आगामी मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम रहा। अधिकारियों ने सभी दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट सक्रिय करें तथा नाम जुड़वाने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करें। मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़, भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा भाजपा, कांग्रेस, झामुमो, आजसू सहित अन्य मान्यता प्राप्त दलों के जिला स्तरीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई तथा सभी दलों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।