रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
नई दिल्ली, 4 December 2025: पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति और मिजोरम के पूर्व राज्यपाल वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल का आज सुबह निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे। दिल्ली भाजपा ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की है। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे लोधी रोड श्मशान घाट पर होगा।
12 July 1952 को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में जन्मे स्वराज कौशल मात्र 34 वर्ष की आयु में सुप्रीम कोर्ट के सबसे युवा वरिष्ठ अधिवक्ता बने थे। आपराधिक कानून के विशेषज्ञ के रूप में उनकी ख्याति थी। 1990 में सिर्फ 37 वर्ष की उम्र में वे मिजोरम के राज्यपाल बने और देश के सबसे युवा राज्यपाल का रिकॉर्ड बनाया। 1990-1993 तक इस पद पर रहते हुए उन्होंने मिजोरम में शांति प्रक्रिया को मजबूती दी।
1975 में सुषमा स्वराज से विवाह के बाद यह दंपति राजनीति व कानून जगत का चर्चित जोड़ा बना। दोनों को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में “स्पेशल कपल” का सम्मान भी मिला था। उनकी इकलौती पुत्री बांसुरी स्वराज नई दिल्ली से भाजपा सांसद हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। स्वराज कौशल का जाना भारतीय विधि और राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।