उपायुक्त ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने की संयुक्त बैठक, घाटों पर बैरिकेडिंग से लेकर गोताखोरों की तैनाती तक की तैयारी*
रामगढ़, 08 नवंबर: आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में दीपावली एवं छठ के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ प्रमुख मार्गों पर सुगम यातायात सुनिश्चित करने, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा घाटों पर मेडिकल टीम एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने तथा पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती करने को कहा गया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और सभी तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली एवं छठ महापर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सहयोगपूर्वक अनुपालन करें।