दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, पांच लोगों की मौत, 11 घायल

Spread the News

पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने बनारस जा रहा परिवार हादसे का शिकार, तेज रफ्तार ट्रेलर ने सवारी वाहन को मारी टक्कर

हजारीबाग, 09 नवंबर: झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में सोमवार, 9 नवंबर को भीषण सड़क दुर्घटना हुई। जीटी रोड पर हथिया बाबा के समीप महानेटांड कट के पास हुए इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। घायलों में कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इनमें आठ लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अटका, बिहारो और सलैया गांव के लोग एक परिजन के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सवारी वाहन से बनारस जा रहे थे। वाहन के ऊपर शव रखा हुआ था। इसी दौरान महानेटांड कट के पास शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई। उसे ठीक करने के लिए वाहन को सड़क किनारे रोका गया था।

इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने खड़े सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

इसी दौरान पीछे से आ रहा कोयले से लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन से टकराकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों, पुलिस और एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से घायलों को चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को हजारीबाग रेफर किया गया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रेलर चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद गिरिडीह के बगोदर क्षेत्र के संबंधित गांवों में शोक की लहर है। जिस परिवार के सदस्य अपने परिजन के अंतिम संस्कार के लिए निकले थे, उसी परिवार पर रास्ते में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।