रामगढ़, 09 नवंबर: राधा गोविन्द हॉस्पिटल परिसर में 9 से 11 नवंबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को भक्तिमय वातावरण में हुआ। इस दौरान सुंदरकांड पाठ, नवचंडी पाठ, आरती सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न किए जा रहे हैं। पूजा-अर्चना से पूरा परिसर आध्यात्मिक माहौल में सराबोर है।
पूजन कार्यक्रम में राधा गोविन्द शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्था के चेयरमैन बी. एन. साह, उनकी धर्मपत्नी फूलमती देवी तथा संस्था की सचिव प्रियंका कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य यजमान के रूप में शामिल हुए। सभी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हॉस्पिटल के सफल संचालन, जनकल्याण और क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन बी. एन. साह ने कहा कि माता-पिता के आशीर्वाद और ईश्वर की कृपा से राधा गोविन्द हॉस्पिटल की इस नई पहल का शुभारंभ हो रहा है। हमारा संकल्प है कि यह संस्थान चिकित्सा सेवा, मानवता और जनकल्याण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करे तथा जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए।
उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल का औपचारिक शुभ उद्घाटन 11 नवंबर 2026 को गणमान्य अतिथियों के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर राधा गोविन्द शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्था परिवार के सभी सदस्य, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।