झारखंड के 14 जिलों में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट, 65 किमी की रफ्तार से चल सकती है आंधी

Spread the News

रांची, 15 सितंबर: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार बोकारो, रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम, पलामू, दुमका, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, गुमला और लातेहार में आंधी-बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इनमें रामगढ़, बोकारो, रांची, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), पलामू, खूंटी और दुमका में भारी बारिश के साथ आंधी की विशेष चेतावनी दी गई है।

15 से 17 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश होने तथा कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। 18 सितंबर तक कुछ क्षेत्रों में येलो अलर्ट जैसी स्थिति बनी रह सकती है। राज्य के अन्य जिलों में भी स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम खराब रहने के दौरान वज्रपात का खतरा भी रहेगा। लोगों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों और दोपहिया वाहन चालकों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।