कृषि यांत्रिकीकरण मेले में किसानों को मिले ट्रैक्टर और आधुनिक कृषि उपकरण, 90 प्रतिशत तक मिला अनुदान

Spread the News

रामगढ़, 01 नवंबर: किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और खेती को आसान एवं लाभकारी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कैथा स्थित भूमि संरक्षण कार्यालय परिसर में कृषि यांत्रिकीकरण वितरण मेला आयोजित किया गया। मेले में किसानों के बीच विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 50 से 90 प्रतिशत तक अनुदान पर ट्रैक्टर, मिनी ट्रैक्टर, पंपसेट एवं अन्य कृषि उपकरण वितरित किए गए।

कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, उपायुक्त ऋतुराज, भूमि संरक्षण निदेशक विकास कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत दो लाभुकों को 50 प्रतिशत अनुदान पर ट्रैक्टर दिए गए। वहीं, एसएमएएम योजना के तहत आठ लाभुकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर बड़े ट्रैक्टर तथा तीन लाभुकों को मिनी ट्रैक्टर उपलब्ध कराए गए। पंपसेट वितरण योजना के तहत 40 किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर पंपसेट दिए गए। इसके अलावा व्यक्तिगत कृषि यंत्र योजना के तहत तीन लाभुकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि उपकरण प्रदान किए गए।

इस अवसर पर विधायक ममता देवी ने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने की अपील की। विधायकों रोशन लाल चौधरी एवं निर्मल महतो ने कहा कि कृषि उपकरणों से किसानों की मेहनत, समय और लागत में कमी आएगी।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि कृषि यांत्रिकीकरण से खेती को आधुनिक एवं लाभकारी बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र किसानों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में भूमि संरक्षण पदाधिकारी कंचन सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।