JTET परीक्षार्थियों को रेलवे की सौगात, रांची से मेदिनीनगर और दुमका के लिए चलेंगी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

Spread the News

दोनों रूटों पर दो-दो फेरे लगाएंगी ट्रेनें, 1 नवंबर को होने वाली JTET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत

रांची, 01 नवंबर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने विशेष पहल की है। आज एक नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर रेलवे की ओर से रांची से मेदिनीनगर (डालटनगंज) और दुमका के बीच परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। दोनों रूटों पर दो-दो फेरे लगाए जाएंगे। इससे पलामू और संताल परगना क्षेत्र के परीक्षार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

रांची-मेदिनीनगर परीक्षा स्पेशल ट्रेन शनिवार 31 अक्टूबर को रवाना हुई और 1 नवंबर को रांची से शाम 7 बजे रवाना होगी तथा रात 11:45 बजे मेदिनीनगर (डालटनगंज) पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 1 और 2 नवंबर को रात 12:05 बजे मेदिनीनगर से प्रस्थान कर सुबह 4:10 बजे रांची पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव पिस्का, लोहरदगा, टोरी, लातेहार और बरवाडीह स्टेशनों पर होगा।

रांची-दुमका परीक्षा स्पेशल ट्रेन बीती रात 31 अक्टूबर और आज 1 नवंबर को सुबह 9 बजे रांची से रवाना होगी और शाम 6:30 बजे दुमका पहुंचेगी। वापसी में दुमका से यह ट्रेन रात 9 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 8:30 बजे रांची पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव मुरी, झालदा, कोटशिला, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, फुलवारटांड़, कतरासगढ़, धनबाद, कुमारधुबी, बराकर, चितरंजन, मधुपुर, देवघर, घोरमारा, बासुकीनाथ और जामा सहित विभिन्न स्टेशनों पर होगा।

रेलवे के इस निर्णय से परीक्षा में शामिल होने के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।