दिल्ली में 1 नवंबर को विपक्ष की महारैली में शामिल होंगे हेमंत और कल्पना सोरेन, झारखंड से जुटेंगे 12 हजार कार्यकर्ता

Spread the News

रामलीला मैदान में कांग्रेस के नेतृत्व में होगी ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे नेतृत्व

रांची, 31 अक्टूबर: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में शामिल होंगे। कांग्रेस के नेतृत्व में INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित इस महारैली में देशभर के विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता जुटेंगे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ 30 अक्टूबर को ही विशेष विमान से रांची से दिल्ली रवाना हो चुके हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उनके साथ झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार और सुरक्षा पदाधिकारी अजय कुमार भी दिल्ली गए हैं। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी महारैली में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं।

महारैली का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे। रैली के माध्यम से विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता का मुद्दा उठाएंगे। विपक्ष की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जा रही है।

इस महारैली को सफल बनाने के लिए झारखंड कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां की हैं। पार्टी का दावा है कि राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 12 हजार कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने भी कार्यकर्ताओं को दिल्ली रवाना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा में भी SIR से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए 25 और 26 नवंबर को विशेष सत्र बुलाने की तैयारी है। ऐसे में दिल्ली की यह महारैली झारखंड की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।