रामगढ़, 31 अक्टूबर: भारत सरकार के विशेष अभियान Special Campaign 6.0 के तहत उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर शुक्रवार को रामगढ़ जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के साथ बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
इस दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित हाथ धोने, स्वच्छ खान-पान और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का महत्व बताया गया। उन्हें विशेष रूप से भोजन करने से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद तथा खेलकूद के पश्चात साबुन से हाथ धोने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सरल गतिविधियों के माध्यम से हाथ धोने का सही तरीका भी सिखाया गया।
अभियान के तहत केंद्रों के परिसर, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और कचरा निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया। अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों को भी घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के आपसी संबंधों की जानकारी देने के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं से भी लाभार्थियों को अवगत कराया गया।
अभियान के अंतर्गत पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) और CPGRAM सहित संबंधित प्रणालियों में लंबित शिकायतों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण पर भी जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाना और बच्चों में बचपन से ही स्वस्थ आदतों का विकास करना है।