साहिबगंज में बाढ़ की भयावह स्थिति, सीता सोरेन ने पीएम से मांगी तत्काल राहत

Spread the News

दुमका/साहिबगंज, 14 सितंबर: साहिबगंज जिले में गंगा के बढ़े जलस्तर से उत्पन्न बाढ़ की गंभीर स्थिति को लेकर पूर्व विधायक एवं महिला बाल विकास समिति की सभापति सीता सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने प्रभावित लोगों की स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

साहिबगंज में पिछले दिनों गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर पहुंच गया है। बाढ़ के कारण दियारा क्षेत्र के कई गांवों में पानी घुसने से लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करना पड़ा है। कई रिहाइशी इलाकों में भी बाढ़ का पानी पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ की टीम भी राहत कार्य में जुटी है। प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सा एवं अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।

सीता सोरेन ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि साहिबगंज के बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक एवं आवश्यक राहत उपलब्ध कराने के लिए केंद्र स्तर से प्रभावी पहल की जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।