शिक्षा विभाग में ऐतिहासिक प्रमंडलीय तबादला, सात जिलों में 58 लिपिकों का स्थानांतरण

Spread the News

हजारीबाग, 14 सितंबर: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के शिक्षा विभाग में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित कर्मियों के खिलाफ बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। हजारीबाग की जिला शिक्षा पदाधिकारी सह क्षेत्रीय संयुक्त शिक्षा निदेशक कुमारी नीलम के स्तर से सात जिलों में यह व्यापक स्थानांतरण किया गया है। इसे शिक्षा विभाग में अब तक के सबसे बड़े प्रमंडलीय तबादलों में से एक माना जा रहा है।

हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ जिले इस प्रक्रिया में शामिल हैं। विभागीय स्तर पर 12 सितंबर को कई कार्यालय आदेश जारी किए गए। कार्रवाई में लंबे समय से एक ही पदस्थापना अथवा जिले में जमे कर्मियों को स्थानांतरित किया गया है।

जानकारी के अनुसार कुल 134 लिपिकों का संवर्ग निर्धारण किया गया। इनमें 102 लिपिकों ने प्रमंडल संवर्ग तथा 28 ने जिला संवर्ग चुना। प्रमंडल संवर्ग वाले कर्मी अब उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के किसी भी जिले में पदस्थापित किए जा सकेंगे। वहीं जिला संवर्ग प्राप्त कर्मियों को संबंधित जिले में पदस्थापित किया गया है।

तबादला प्रक्रिया में तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मियों के अलावा छह और आठ वर्ष से एक ही जिले में पदस्थापित कर्मियों को भी शामिल किया गया है। वहीं गंभीर असाध्य रोग अथवा दिव्यांगता प्रमाण पत्र वाले कुछ कर्मियों की पदस्थापना उनके लिए सुविधाजनक स्थान पर की गई है।

विभाग ने सभी संबंधित नियंत्री पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्थानांतरित कर्मियों को एक सप्ताह के भीतर विरमित कर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही सेवा पुस्तिका में संवर्ग की प्रविष्टि दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।

शिक्षा विभाग में इतने बड़े स्तर पर हुए इस प्रशासनिक फेरबदल से कार्यालयों की कार्यसंस्कृति में बदलाव और पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित कर्मियों के स्थानांतरण को विभागीय व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।