सिदो-कान्हू स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह, 14-15 अगस्त तक शराब की दुकानें व वधशालाएं रहेंगी बंद
रामगढ़, 29 जुलाई: 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की मौजूदगी में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में समारोह की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वेबकास्टिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने जिला स्तरीय मुख्य समारोह के आयोजन स्थल सिदो-कान्हू स्टेडियम में परेड, मंच, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और बैरिकेडिंग समेत सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही परेड में शामिल पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं के नियमित पूर्वाभ्यास की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभ्यास के दौरान चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, पेयजल और अल्पाहार की समुचित व्यवस्था करने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि मुख्य समारोह में राधा गोविंद उच्च विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, रामगढ़ की छात्राएं राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति देंगी। उपायुक्त ने संबंधित विद्यालयों को पूर्वाभ्यास कर कार्यक्रम के दिन उत्कृष्ट प्रस्तुति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था एवं समारोह की गरिमा बनाए रखने के लिए 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त की रात 12 बजे तक जिले की सभी मदिरा दुकानों और वधशालाओं को बंद रखने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में सहायक आयुक्त उत्पाद एवं नगर परिषद को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
समारोह के सीधा प्रसारण के लिए वेबकास्टिंग की समुचित व्यवस्था करने का दायित्व जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को सौंपा गया। वहीं, 15 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी को दी गई है।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और माल्यार्पण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को सम्मानित करने के लिए समिति गठित कर प्रक्रिया शुरू करने तथा पूर्व संध्या पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक संध्या के आयोजन की तैयारियां भी शुरू करने के निर्देश दिए।