आंध्र में कोविड से दो मौतों के बाद ओडिशा अलर्ट, रथ यात्रा से पहले सीमावर्ती जिलों में बढ़ाई गई निगरानी

Spread the News

भुवनेश्वर, 14 जुलाई: आंध्र प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण से दो लोगों की मौत के बाद ओडिशा सरकार सतर्क हो गई है। आगामी 16 जुलाई को होने वाली विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को देखते हुए राज्य सरकार ने आंध्र प्रदेश से सटे सीमावर्ती जिलों में स्वास्थ्य निगरानी तेज करने और सभी संबंधित अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने सीमावर्ती जिलों के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को संदिग्ध मरीजों की पहचान, जांच और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण (ILI) और गंभीर श्वसन संक्रमण (SARI) के मामलों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध मामले की तत्काल रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए।

राज्य सरकार ने रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पुरी पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

उधर, आंध्र प्रदेश के कडप्पा और अन्नामय्या जिलों में कोविड-19 से दो लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने भी पूरे प्रदेश में निगरानी, जांच और अस्पतालों की तैयारियां बढ़ा दी हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सक्रिय मामलों की लगातार निगरानी की जा रही है और सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत जांच कराएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरतने, स्वच्छता बनाए रखने और आवश्यक होने पर मास्क का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।