कर्नाटक में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन: डीके शिवकुमार होंगे नए मुख्यमंत्री, 3 जून को लेंगे शपथ

Spread the News

बेंगलुरु, 31 मई: कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से चल रही अटकलों पर शनिवार को विराम लग गया। कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और उपमुख्यमंत्री D. K. Shivakumar को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही उनके राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। वह 3 जून को मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक बेंगलुरु स्थित विधान सौधा में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी नेतृत्व की सहमति से शिवकुमार के नाम पर मुहर लगी। निवर्तमान मुख्यमंत्री Siddaramaiah ने मुख्यमंत्री और विधायक दल के नेता पद से इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए नए नेता के चयन का निर्णय पार्टी हाईकमान पर छोड़ दिया था।

जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह 3 जून को बेंगलुरु के लोक भवन स्थित ग्लास हाउस परिसर में आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस नेतृत्व ने समारोह को सादगीपूर्ण रखने का फैसला किया है। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से भी अनावश्यक भीड़ से बचने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि शिवकुमार के नेतृत्व में पार्टी 2028 के विधानसभा चुनाव में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। वहीं नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर भी मंथन जारी है और शपथ ग्रहण के साथ कुछ वरिष्ठ नेताओं को मंत्रिपद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

डीके शिवकुमार लंबे समय से कर्नाटक कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। संगठन को मजबूत करने और पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रही है। मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उनकी अग्निपरीक्षा राज्य में विकास कार्यों को गति देने और कांग्रेस सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की होगी।