रांची, 29 मई: दुनियाभर में इबोला वायरस को लेकर बढ़ती चिंता के बीच झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। विदेशों से आने वाले यात्रियों, विशेषकर अफ्रीकी देशों की यात्रा कर चुके लोगों की विशेष निगरानी की जा रही है। एयरपोर्ट परिसर में स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष मेडिकल टीम तैनात की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध लक्षण वाले यात्रियों की पहचान के लिए थर्मल स्क्रीनिंग, ट्रैवल हिस्ट्री जांच और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एकत्र की जा रही है। एयरपोर्ट पर 24 घंटे निगरानी व्यवस्था लागू कर दी गई है। किसी यात्री में बुखार, कमजोरी, गले में दर्द या अन्य संदिग्ध लक्षण मिलने पर तुरंत आइसोलेशन और मेडिकल जांच की व्यवस्था की गई है।
राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को भी अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। एयरपोर्ट पर तैनात टीम को इबोला संक्रमण की पहचान, बचाव और आपातकालीन प्रतिक्रिया को लेकर विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि झारखंड में फिलहाल इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ाई गई है। केंद्र सरकार और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की एडवाइजरी के बाद देश के कई एयरपोर्ट्स पर इसी तरह की सतर्कता बरती जा रही है।