महाराष्ट्र बना NEET-UG 2026 पेपर लीक का केंद्र, फिजिक्स पेपर लीक की मास्टरमाइंड भी गिरफ्तार

Spread the News

नई दिल्ली/पुणे 23 मई: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच तेज हो गई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने महाराष्ट्र के पुणे से फिजिक्स प्रश्नपत्र लीक मामले की कथित मास्टरमाइंड मनीषा संजय हवलदार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा परीक्षा प्रक्रिया में विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त की गई थी और उसे प्रश्नपत्रों तक पहुंच प्राप्त थी।

CBI की जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र, खासकर पुणे और लातूर, इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। इससे पहले भी पुणे के केमिस्ट्री लेक्चरर पी.वी. कुलकर्णी को NEET-UG 2026 पेपर लीक का “किंगपिन” बताते हुए गिरफ्तार किया गया था। एजेंसी का दावा है कि कुलकर्णी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े थे और उन्होंने छात्रों को गुप्त कोचिंग सत्रों के जरिए लीक प्रश्न उपलब्ध कराए।

इसके अलावा पुणे की बॉटनी शिक्षिका मनीषा गुरुनाथ मंधारे को भी बायोलॉजी प्रश्नपत्र लीक मामले में गिरफ्तार किया गया है। CBI के अनुसार वह NEET परीक्षा के बॉटनी और जूलॉजी सेक्शन तैयार करने वाली विशेषज्ञ टीम का हिस्सा थीं और उन्होंने छात्रों को अपने घर पर विशेष क्लास लेकर प्रश्न उपलब्ध कराए थे।

जांच एजेंसियों के मुताबिक पेपर लीक के लिए व्हाट्सऐप और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया। कई राज्यों में छापेमारी के दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और संदिग्ध नोट्स बरामद किए गए हैं। अब तक इस मामले में 10 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

वहीं, संसद की समिति के सामने NTA अधिकारियों ने दावा किया है कि पेपर लीक उनकी प्रणाली से नहीं हुआ, जबकि CBI पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।