लौहनगरी समेत आसपास के तीन जिलों के आवेदकों को राहत, पासपोर्ट के लिए इंतजार कम होने की उम्मीद
जमशेदपुर, 12 अक्टूबर: लौहनगरी और आसपास के जिलों के निवासियों के लिए पासपोर्ट बनवाना अब पहले से अधिक आसान होगा। पासपोर्ट आवेदकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जमशेदपुर स्थित पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) की दैनिक अपॉइंटमेंट क्षमता 100 से बढ़ाकर 150 कर दी गई है। इससे पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक लोगों को अपॉइंटमेंट के लिए लंबा इंतजार करने से राहत मिलने की उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रांची और डाक विभाग की पहल पर केंद्र की सेवाओं को अधिक सुगम बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब प्रतिदिन 140 पासपोर्ट आवेदनों और 10 पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) आवेदनों के लिए अपॉइंटमेंट उपलब्ध होंगे। पहले प्रतिदिन 90 पासपोर्ट और 10 पीसीसी आवेदनों की क्षमता थी।
इस व्यवस्था से पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के हजारों आवेदकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यावसायिक कारणों से विदेश जाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है।
पासपोर्ट सेवा केंद्र को बिष्टुपुर स्थित डाकघर परिसर में आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है। यहां सेवा काउंटरों की संख्या दो से बढ़ाकर तीन कर दी गई है। इसके अलावा आवेदकों की सुविधा के लिए बेहतर प्रतीक्षालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
आवेदक पासपोर्ट से संबंधित आवेदन और अपॉइंटमेंट के लिए विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in या पासपोर्ट सेवा मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे फर्जी वेबसाइटों और बिचौलियों से सावधान रहें तथा केवल आधिकारिक माध्यमों से ही आवेदन करें।
दैनिक अपॉइंटमेंट क्षमता बढ़ने से जमशेदपुर और आसपास के जिलों में पासपोर्ट सेवाओं की उपलब्धता बेहतर होने तथा आवेदकों की प्रतीक्षा अवधि कम होने की उम्मीद है।