रामगढ़, 10 मई: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय यूटिलिटी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सीसीएल, पथ निर्माण विभाग, पीवीयूएनएल, आईओसीएल, जुडको, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों एवं परियोजनाओं के अधिकारियों से अद्यतन कार्य प्रगति की जानकारी ली। इस क्रम में वनाधिकार अधिनियम (एफआरए), एनओसी, भूमि अधिग्रहण, भू-हस्तांतरण, ग्राम सभा एवं अन्य लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि विकास एवं जनहित से जुड़ी परियोजनाओं का समय पर क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों एवं परियोजना अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में अंचलवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं की स्थिति, भूमि विवाद, मुआवजा, अतिक्रमण, एनओसी तथा अन्य प्रशासनिक मामलों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मामलों का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने परियोजना अधिकारियों से कहा कि कार्यों के दौरान उत्पन्न समस्याओं एवं अवरोधों की जानकारी जिला प्रशासन को नियमित रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई के माध्यम से समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं परियोजना प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों में तेजी आएगी और आमजन को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।