रामगढ़, 10 मई: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने शनिवार को जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न कार्यों, आमजनों को दी जा रही सुविधाओं तथा लंबित मामलों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, कर्मियों की उपस्थिति एवं ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन, फिटनेस, परमिट एवं टैक्स संग्रहण सहित अन्य सेवाओं के निष्पादन की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यालय में आने वाले लोगों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजनों तक सरल और सुगम तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने लंबित आवेदनों एवं मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होने तथा आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने कार्यालय परिसर में आमजनों के बैठने, पेयजल, हेल्प डेस्क एवं सूचना प्रदर्शन से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कर्मियों को आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने एवं शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।