कुलगाम में सीआरपीएफ टीम पर आतंकी हमला, तीन जवान गंभीर रूप से घायल

Spread the News

बाइक सवार हमलावरों ने चेकपोस्ट पर की अंधाधुंध फायरिंग, सुरक्षाबलों ने शुरू किया तलाशी अभियान

रामगढ़/श्रीनगर, 12 नवंबर: जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में बुधवार, 11 नवंबर को आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर हमला कर दिया। यह वारदात मीर बाजार के निकट अखरान इलाके में हुई, जहां सुरक्षा जांच चौकी पर तैनात जवानों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलाई गईं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने दोपहर करीब 2:15 बजे सीआरपीएफ के जवानों पर हमला किया और गोलीबारी के बाद मौके से फरार हो गए। हमले में तीन जवान घायल हो गए। घायलों की पहचान राकेश दास, संतोष चंद्रू और सोमवीर सिंह के रूप में हुई है। एक जवान के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगने से उनकी स्थिति गंभीर हो गई थी। उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं, अन्य दो जवानों को भी उपचार दिया गया। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, तीनों जवान खतरे से बाहर हैं।

घटना के तत्काल बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अतिरिक्त जवानों और त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) को मौके पर तैनात किया गया। हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल आतंकियों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।