महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में झारखंड की तीन बेटियों का चयन, सलीमा टेटे संभालेंगी भारतीय टीम की कमान

Spread the News

निक्की प्रधान और ब्यूटी डुंगडुंग को भी मिली जगह, 19 से 28 नवंबर तक भोपाल में होगा मुकाबला

रांची, 11 नवंबर: महिला हॉकी के अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की बेटियों ने एक बार फिर राज्य का मान बढ़ाया है। मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल-2026 के लिए घोषित भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें सिमडेगा की सलीमा टेटे और ब्यूटी डुंगडुंग तथा खूंटी की निक्की प्रधान शामिल हैं। खास उपलब्धि यह है कि भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सलीमा टेटे को सौंपी गई है।

हॉकी इंडिया ने मंगलवार, 10 नवंबर को 18 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की। टीम में सलीमा टेटे मिडफील्डर के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगी, जबकि निक्की प्रधान डिफेंडर और ब्यूटी डुंगडुंग फॉरवर्ड के तौर पर भारतीय टीम को मजबूती देंगी। तीनों खिलाड़ियों के चयन से झारखंड के खेल जगत में खुशी की लहर है।

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नाथू बरखेड़ा में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें राउंड रॉबिन प्रारूप में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम इस प्रतियोगिता में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगी। भारत ने इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है। इस बार टीम की नजर चौथी बार ट्रॉफी जीतने पर होगी। भारतीय टीम 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी। इसके बाद 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से भिड़ेगी। सेमीफाइनल 27 नवंबर और फाइनल मुकाबला 28 नवंबर को खेला जाएगा।

झारखंड की तीनों खिलाड़ियों का चयन राज्य में महिला हॉकी की मजबूत होती पहचान का प्रमाण है। खासकर सलीमा टेटे को भारतीय टीम की कप्तानी मिलने से राज्य के युवा हॉकी खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।