निशा भगत मौत मामले की जांच करेगी CBI, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश

Spread the News

परिजनों और सामाजिक संगठनों की मांग पर सरकार का बड़ा फैसला, निष्पक्ष जांच से सामने आएगी सच्चाई

रांची, 11 नवंबर: आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो करेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। इस फैसले के बाद मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

गौरतलब है कि निशा भगत की मौत के बाद से ही पूरे झारखंड में इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। मृतका के परिजन लगातार मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे थे। परिजनों ने मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए कहा था कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक सच्चाई सामने आ सके।

इस मामले में विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों ने भी सीबीआई जांच की मांग उठाई थी। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आईआरएस अधिकारी निशा उरांव ने भी मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की आवश्यकता जताई थी।

निशा भगत की मौत से पहले सोशल मीडिया पर किए गए उनके लाइव प्रसारण और उसमें लगाए गए आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई और संबंधित लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए थे। अब सीबीआई जांच के निर्देश के बाद पीड़ित परिवार और सामाजिक संगठनों को उम्मीद है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल होगी और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।