हेमंत सरकार की नीतियों के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, समाहरणालय के समक्ष फोड़ा घड़ा

Spread the News

रामगढ़, 09 मई: भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के निर्देशानुसार शुक्रवार को भाजपा रामगढ़ जिला इकाई द्वारा जिला समाहरणालय परिसर में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा रामगढ़ जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से घड़ा फोड़कर हेमंत सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।

इस दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, जनविरोधी निर्णयों तथा विकास कार्यों में भेदभावपूर्ण नीति अपनाने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा एवं विधायक रोशन लाल चौधरी उपस्थित रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा जनता की आवाज को सड़क से सदन तक उठाने का काम करेगी।

कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।