रांची, 09 मई: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राज्य के गरीब परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर पर सब्सिडी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार चुनावी वादे के अनुसार 450 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में सक्षम नहीं है, तो कम से कम प्रति सिलेंडर 200 रुपए की सब्सिडी देने पर विचार करना चाहिए।
वित्त मंत्री ने अपने पत्र में कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के घोषणा पत्र में राज्य के गरीब परिवारों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया था। उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 31 लाख गरीब परिवार हैं और यदि सभी को 450 रुपए में सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है तो सरकार पर प्रतिवर्ष करीब 1,934 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि वर्तमान वित्तीय स्थिति को देखते हुए इतनी बड़ी राशि जुटाना सरकार के लिए कठिन हो सकता है। ऐसे में सरकार यदि प्रत्येक गरीब परिवार को गैस सिलेंडर पर 200 रुपए की सब्सिडी दे, तो राज्य पर सालाना लगभग 744 करोड़ रुपए का ही अतिरिक्त भार पड़ेगा और गरीब परिवारों को 970 रुपए के बजाय लगभग 770 रुपए में सिलेंडर मिल सकेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि गरीब परिवारों की जरूरतों और महंगाई को देखते हुए सरकार संवेदनशीलता के साथ इस प्रस्ताव पर विचार करे। इस मुद्दे को लेकर राज्य की राजनीति भी गर्म हो गई है और विपक्ष सरकार से चुनावी वादे पूरे करने की मांग कर रहा है।