ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

Spread the News

रामगढ़, 27 सितंबर: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने शनिवार को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी तंत्र और रख-रखाव से संबंधित मानकों की जांच की गई।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम, कंट्रोल रूम, कैमरों के कवरेज क्षेत्र तथा बैकअप रिकॉर्डिंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।

इसके अलावा वेयरहाउस में लगाए गए अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की भी जांच की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा वेयरहाउस की चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।