15 नवंबर को डूबते सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य, खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
रामगढ़, 13 नवंबर: लोक आस्था, शुद्धता और सूर्योपासना का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर रामगढ़ सहित पूरे झारखंड में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं ने पर्व की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाजारों में पूजा सामग्री, फल, सूप, दउरा, नारियल और अन्य पूजन सामग्रियों की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है।
छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर व्रती स्नान कर घर और रसोई की साफ-सफाई करते हैं। इसके बाद पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ भोजन तैयार किया जाता है। इस दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल ग्रहण करने की परंपरा है। इसी के साथ चार दिवसीय छठ अनुष्ठान की शुरुआत होती है।
महापर्व के दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य की पूजा करेंगे और गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
15 नवंबर रविवार को छठ महापर्व का मुख्य अनुष्ठान संध्या अर्घ्य होगा। इस दिन व्रती विभिन्न जलाशयों और छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 16 नवंबर सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण कर अपना व्रत पूरा करेंगे।
छठ महापर्व में स्वच्छता, पवित्रता, संयम और प्रकृति के प्रति आस्था का विशेष महत्व है। यह पर्व सामाजिक समरसता और पारिवारिक सुख-समृद्धि का भी संदेश देता है।