छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 13 नवंबर: आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ घाटों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी छठ घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के साथ-साथ सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग कराई जाए। जलाशयों में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गोताखोरों की तैनाती तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया गया।

घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल तथा घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा जिन स्थानों पर पानी अधिक गहरा है या दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, वहां लाल झंडे लगाकर खतरनाक स्थलों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा गया, ताकि छठ पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों, महिलाओं, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।

उल्लेखनीय है कि रामगढ़ में छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी घाटों के निरीक्षण, साफ-सफाई, आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद जारी है।