रामगढ़, 27 सितंबर: झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रामगढ़ के विज्ञापन संख्या-01/2026 के तहत गृह रक्षकों के नव-नामांकन की प्रक्रिया के लिए दावा-आपत्ति के बाद स्वीकृत एवं अस्वीकृत आवेदनों की सूची जारी कर दी गई है। सूची कारण सहित एनआईसी रामगढ़ एवं जेप आईटी रांची की वेबसाइट पर अपलोड की गई है। स्वीकृत अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच परीक्षा एवं लिखित परीक्षा का कार्यक्रम जिला प्रशासन ने जारी कर दिया है।
परीक्षा 24 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक निर्धारित विभिन्न तिथियों पर होगी। सभी परीक्षाएं प्रातः 6 बजे से शुरू होंगी। परीक्षा का आयोजन अभ्यर्थियों के प्रखंड एवं शहरी क्षेत्र के अनुसार किया जाएगा। दुलमी, मांडू, पतरातू, रामगढ़, गोला, चितरपुर तथा शहरी गैर तकनीकी और तकनीकी श्रेणी के महिला-पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। परीक्षा का केंद्र सिद्धू-कान्हू मैदान, रामगढ़ निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी योग्य एवं स्वीकृत अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होने का निर्देश दिया है। अभ्यर्थियों को अपने सभी प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति और ऑनलाइन पावती साथ लानी होगी। पहचान के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस तथा दो रंगीन फोटो भी लाना अनिवार्य है।
शहरी तकनीकी श्रेणी में शारीरिक जांच एवं लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की तकनीकी ज्ञान परीक्षा की तिथि और केंद्र की जानकारी बाद में दैनिक समाचार पत्रों के माध्यम से दी जाएगी। दावा-आपत्ति के बाद अंतिम रूप से अस्वीकृत अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ प्रवेश वर्जित रहेगा।