नीट-2026 परीक्षा: उपायुक्त ऋतुराज ने केंद्रों का किया निरीक्षण, पारदर्शिता व निष्पक्षता पर दिया जोर

Spread the News

रामगढ़, 03 मई: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 2026 के सफल एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर रविवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ समेत अन्य केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा संचालन की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, शुचिता और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में अनुशासन और गोपनीयता सर्वोपरि है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।

इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों के बाहर विधि-व्यवस्था की स्थिति का भी निरीक्षण किया और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।