रामगढ़, 03 मई: गर्मी के मौसम में आमजनों को सुचारू एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा 02 मई से 15 मई 2026 तक विशेष पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित विशेष शिविरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने नगर परिषद क्षेत्र के राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सांडी भरेचनगर तथा गोला प्रखंड के चाड़ी पंचायत में लगाए गए शिविरों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुलझाया जाए। साथ ही, आवेदकों को उनकी शिकायतों की प्रगति की जानकारी देना भी सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्थानीय ग्रामीणों एवं शहरी नागरिकों से संवाद कर जलापूर्ति से जुड़ी समस्याएं सुनीं। लोगों द्वारा बताई गई समस्याओं पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि किसी को पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। साथ ही, अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण, जल स्रोतों की निगरानी एवं जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद अजमल हुसैन सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।