रजरप्पा मंदिर के पुनर्विकास को लेकर प्रशासन सक्रिय, उपायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

Spread the News

रामगढ़, 26 अप्रैल: चितरपुर प्रखंड स्थित मां छिन्नमस्तिका सिद्ध पीठ रजरप्पा मंदिर के प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों को लेकर शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज ने मंदिर परिसर का दौरा कर स्थल निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दौरे के क्रम में उपायुक्त ने सर्वप्रथम प्रशासनिक भवन में बैठक आयोजित की, जिसमें झारखंड सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों की जानकारी देते हुए प्रस्तावित विकास योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की और आगामी कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे, जिन्हें उपायुक्त ने गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया। इसके पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित बस स्टैंड, प्रवेश एवं निकास द्वार, घाट निर्माण, दुकानों के पुनर्स्थापन सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं के लिए चिन्हित स्थलों का जायजा लिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि रजरप्पा मंदिर का पुनर्विकास कार्य सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के तहत मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाया गया है और प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रजरप्पा मंदिर झारखंड का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए यहां यातायात, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

दौरे के बाद उपायुक्त ने विकास कार्यों के दौरान काटे जाने वाले पेड़ों के बदले क्षतिपूर्ति वनीकरण को लेकर वन विभाग के अधिकारियों के साथ भी स्थल निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।

मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी चितरपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।