झारखंड के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी विभागों में 90 सहायक प्राध्यापकों की बंपर भर्ती

Spread the News

रांची, 17 अप्रैल 2026: झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए एक बड़ी पहल की है। झारखंड लोक सेवा आयोग ने विज्ञापन संख्या 07/2026 जारी कर 90 पदों पर सहायक प्राध्यापक की भर्ती शुरू कर दी है। ये सभी पद सुपर स्पेशियलिटी विभागों में हैं, जिसमें न्यूरो सर्जरी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी आदि शामिल हैं।

यह भर्ती शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज (धनबाद), एमजीएम मेडिकल कॉलेज (जमशेदपुर), शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज (हजारीबाग), मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज (पलामू) और फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज (दुमका) में की जाएगी।

विभागवार पदों का विवरण:

• न्यूरो सर्जरी- 20 पद

• नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी-10-10 पद प्रत्येक

• गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी (सर्जिकल), यूरोलॉजी, सीवीटीएस, प्लास्टिक सर्जरी- 4-8 पद

आरक्षण के अनुसार UR-44, EWS-1, OBC-12, SC-8, ST-25 पद आरक्षित हैं।

योग्यता और चयन प्रक्रिया

उम्मीदवारों को संबंधित सुपर स्पेशियलिटी में DM/MCh/DNB/DrNB (NMC नियमों के अनुसार) होना अनिवार्य है। अकादमिक स्कोर, प्रकाशन और अनुभव को वेटेज मिलेगा। चयन अकादमिक मूल्यांकन और साक्षात्कार के आधार पर होगा। कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी।

• आयु सीमा (01 अगस्त 2025 को): UR/EWS के लिए अधिकतम 45 वर्ष, OBC के लिए 47, SC/ST के लिए 50 वर्ष (महिलाओं और PwD को अतिरिक्त छूट)।

• वेतन: पे लेवल-11 (7वें वेतन आयोग), बेसिक पे ₹15,600-39,100 + ग्रेड पे ₹6,600 तथा अन्य भत्ते। नियुक्ति स्थायी होगी और सेवानिवृत्ति आयु 67 वर्ष रहेगी।

आवेदन की तिथियां

• ऑनलाइन आवेदन शुरू: 28 अप्रैल 2026

• अंतिम तिथि: 12 मई 2026 (शाम 5 बजे तक)

आवेदन शुल्क सामान्य/OBC/EWS के लिए ₹600 तथा SC/ST के लिए ₹150 है। इच्छुक उम्मीदवार JPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर जाकर One Time Registration (OTR) पूरा कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह भर्ती राज्य के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को बढ़ावा देने और छात्रों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए की जा रही है। इससे जटिल बीमारियों का इलाज भी राज्य के अंदर संभव हो सकेगा।