रामगढ़, 16 अप्रैल: झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए रामगढ़ जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार भी बैठक में उपस्थित रहे।
उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन में दंडाधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “जिला प्रशासन JPSC द्वारा जारी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करेगा। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
बैठक में फ्रिस्किंग, प्रश्न पत्रों एवं OMR उत्तर पुस्तिकाओं की सीलिंग प्रक्रिया, समय सारणी तथा परीक्षा से पहले, दौरान और बाद की सभी प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से कहा कि यदि किसी बिंदु पर कोई संशय हो तो तुरंत स्पष्ट कर लिया जाए ताकि परीक्षा दिवस पर कोई समस्या न आए।
रामगढ़ में परीक्षा का स्वरूप:-
• कुल परीक्षा केंद्र: 13
• कुल अभ्यर्थी: 2,940
• परीक्षा दो पालियों में होगी:
• प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
• द्वितीय पाली: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि सभी 13 केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तथा महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपर समाहर्ता श्रीमती गीतांजलि कुमारी ने बैठक में JPSC द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, गोपनीय शाखा प्रभारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी दंडाधिकारी, गस्ती दंडाधिकारी, उड़न दस्ता दल, जोनल दंडाधिकारी तथा 13 केंद्रों के केंद्र अधीक्षक (प्रधानाध्यापक) उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकलरहित और पारदर्शी बनाने के लिए पूरी मुस्तैदी दिखाई है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे JPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी SOP का पालन करें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें।