शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर पूरे झारखंड ने दी श्रद्धांजलि

Spread the News

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा – “वीर शहीद निर्मल महतो अमर रहें!”

रांची, 8 अगस्त 2025: आज झारखंड आंदोलन के महान सेनानी और अलग झारखंड राज्य के संघर्ष के अग्रणी नेता शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस के अवसर पर पूरे राज्य में उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। जगह-जगह श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन हुआ, और सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने उनके योगदान को याद किया।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा –

“वीरों और क्रांतिकारियों की वीर भूमि है हमारा झारखण्ड! इसी वीर भूमि के वीर माटी पुत्र, महान झारखण्ड आंदोलनकारी, अमर वीर शहीद निर्मल महतो जी के शहादत दिवस पर शत-शत नमन। वीर शहीद निर्मल महतो अमर रहें! झारखण्ड के वीर अमर रहें! अमर रहें! अमर रहें!”

शहीद निर्मल महतो झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक नेताओं में से एक थे और उन्होंने अलग झारखंड राज्य की मांग को लेकर जनांदोलन को गति दी थी। उनकी शहादत आज भी झारखंडवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

राज्य भर में लोगों ने उनके स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। युवाओं, छात्र संगठनों और नागरिक समाज ने भी उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।