विश्व पर्यावरण दिवस पर राधा गोविंद विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने गड़के गांव में किया वृक्षारोपण

Spread the News

“प्रकृति का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है, हर पौधा जीवन की नई आशा है”- कुलाधिपति बी. एन. साह

रामगढ़, 5 जून 2025 (गुरुवार): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राधा गोविंद विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने गड़के गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस पहल का नेतृत्व विश्वविद्यालय के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. अमन वर्मा ने किया, जिनके मार्गदर्शन में कुल 41 कैडेट्स (18 SW और 23 SD) ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।

कार्यक्रम के अंतर्गत कैडेट्स ने गांव के विभिन्न हिस्सों में पौधे लगाए और ग्रामीणों को पर्यावरण की रक्षा व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही कैडेट्स ने स्वच्छता अभियान भी चलाया और सभी को स्वच्छ व हरित पर्यावरण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी।

इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने कहा, “युवा पीढ़ी का यह कदम अत्यंत प्रेरणादायक है। हर लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य का संकेत है।”

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने अपने संदेश में कहा, “पर्यावरण सुरक्षा किसी एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि यह जीवन जीने का तरीका बनना चाहिए। कैडेट्स द्वारा किया गया यह प्रयास सराहना के योग्य है।”

इस कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव डॉ. निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने भी पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं और छात्रों के कार्य की प्रशंसा की।

कार्यक्रम का समापन उपस्थित ग्रामीणों और सभी कैडेट्स द्वारा पर्यावरण की सुरक्षा और हर वर्ष पौधे लगाने की शपथ के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक कदम था, बल्कि इसने गांववासियों के बीच पर्यावरण जागरूकता को भी नई ऊंचाइयां दीं।