गिरिराज सिंह का तीखा हमला : राहुल गांधी को बताया ‘अयोग्य’ और ‘राष्ट्रविरोधी’, बयान से गर्माई बिहार की राजनीति

Spread the News

पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्हें ‘अयोग्य’ और ‘राष्ट्रविरोधी मानसिकता’ वाला नेता करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बार-बार भारतीय सेना के पराक्रम पर सवाल उठाकर देश के विरोधियों की भाषा बोलते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के हालिया “सरेंडर” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “देश अब लालू-राहुल की भाषणबाजी वाली राजनीति से आगे बढ़ चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक निर्णायक और कर्मशील सरकार काम कर रही है। ऐसे में राहुल गांधी जैसे नेताओं के बयानों का कोई महत्व नहीं है, जो सेना की बहादुरी पर ही प्रश्नचिह्न लगाते हैं। यह राष्ट्रविरोध जैसा कृत्य है।”

उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी की भाषा कई बार पाकिस्तान के सुरों से मेल खाती है, जिससे देश की जनता आहत है। 1971 के युद्ध में जीत सेना की थी, न कि किसी एक नेता की। उस समय विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने भी कहा था कि अब कोई दल नहीं, सिर्फ देश है। लेकिन राहुल गांधी सेना की वीरता पर व्यंग्य करते हैं, जो शर्मनाक है।”

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि “राहुल गांधी को सेना के त्याग और पराक्रम का मज़ाक उड़ाने वाले व्यक्ति के रूप में सामाजिक और राजनीतिक रूप से बहिष्कृत किया जाना चाहिए। जिनकी पार्टी एक दशक तक सत्ता में रहकर ठोस काम नहीं कर सकी, वह अब क्या नया कर लेंगे? उस दौर में खुद राहुल गांधी परोक्ष रूप से सरकार चला रहे थे, तब क्यों नहीं दिखाया कोई परिणाम?”

गिरिराज सिंह के इस बयान से साफ है कि आगामी चुनावों से पहले बिहार की सियासत एक बार फिर गरमाने वाली है।