नई दिल्ली। नीट पीजी 2025 (NEET PG) परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी गई है। अब यह परीक्षा 3 अगस्त, 2025 को आयोजित की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBE) को इस संशोधित तिथि पर परीक्षा कराने की अनुमति दे दी है। यह परीक्षा पहले 15 जून को दो पालियों में आयोजित होनी थी, लेकिन न्यायालय के आदेश के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट की दो सदस्यीय पीठ, जिसमें जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह शामिल थे, ने स्पष्ट किया कि एनबीई को अब कोई और समय नहीं दिया जाएगा। अदालत ने पहले ही 30 मई को निर्देश दिया था कि नीट पीजी की परीक्षा देशभर में एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रह सके।
एकल पाली में परीक्षा कराने के लिए समय मांगा था एनबीई ने
एनबीई ने कोर्ट से अनुरोध किया था कि चूंकि एकल शिफ्ट में परीक्षा आयोजन के लिए तकनीकी और लॉजिस्टिक तैयारियों में समय लगेगा, इसलिए उसे परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने की अनुमति दी जाए। अब कोर्ट ने 3 अगस्त की तिथि को मंजूरी प्रदान कर दी है। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
दो पालियों के प्रस्ताव पर कोर्ट ने जताई थी आपत्ति
गौरतलब है कि पहले यह परीक्षा 15 जून को दो अलग-अलग पालियों में आयोजित की जानी थी। लेकिन “यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट” की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी। याचिका में तर्क दिया गया था कि दो पालियों में परीक्षा होने से कठिनाई स्तर में अंतर आ सकता है, जिससे अभ्यर्थियों के बीच असमानता पैदा होगी।
देशभर में 1000 से अधिक परीक्षा केंद्र होंगे आवश्यक
एनबीई ने कोर्ट को बताया कि एकल शिफ्ट में परीक्षा आयोजित करने के लिए देशभर में लगभग 1,000 परीक्षा केंद्रों की आवश्यकता होगी। इसके लिए करीब 250 शहरों में परीक्षा केंद्रों को चिन्हित और सक्रिय करना होगा। बोर्ड ने यह भी बताया कि 3 अगस्त की तारीख उनके तकनीकी भागीदार टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) द्वारा सुझाई गई सबसे उपयुक्त तिथि है।