रामगढ़: विकास नगर जारा बस्ती स्थित करमाली टोला में नव निर्मित श्रीश्री 108 श्री नर्मदेश्वर नाथ महादेव मंदिर में इन दिनों धार्मिक उत्सव का माहौल चरम पर है। मंदिर में चल रहे पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के तहत गुरुवार को शिव परिवार की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पुष्पों से सुसज्जित रथ पर भगवान शिव, माता पार्वती, श्रीगणेश एवं कार्तिकेय की मूर्तियों को विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया।
शोभायात्रा के दौरान महिला श्रद्धालु भक्ति रस में झूम उठीं। हाथों में भक्ति के रंग लिए श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर उत्सव का आनंद लिया। पूरा वातावरण “हर हर महादेव” और “जय भोलेनाथ” के नारों से गूंज उठा। डीजे और भक्ति संगीत की धुन पर श्रद्धालु थिरकते नजर आए।
इससे पहले प्रातःकाल से ही महायज्ञ मंडप में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने विधिवत मंडप की परिक्रमा कर पूजन-अर्चन किया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधानों के बीच मुख्य यजमान सुरेंद्र कुमार ओझा एवं दीपक कुमार सिन्हा समेत अन्य यजमानों को सपत्निक पूजा कराई गई। यज्ञाचार्य शिवाकर शुक्ल, आचार्य अनुपम पांडेय, परमेश्वर चौबे, अशोक पाठक, रितिक पांडेय और चंदन दुबे ने पूजा विधियों का संचालन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति की अहम भूमिका रही। समिति के अध्यक्ष रविकांत कुशवाहा, सचिव गिरधारी महतो, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम मोहंता, कार्यकारी अध्यक्ष सदन सिंह रावत सहित समिति के अन्य सदस्य—रमेश महतो, मधुसूदन साहू, मुन्ना रजक, हरेंद्र राय, केएन सिंह, नवल शर्मा, अशोक सिंह, संजय सिन्हा, जगन्नाथ महतो, कुणाल दास, संजय श्रीवास्तव, अरुण महतो, प्रभु पासवान, विनोद कुमार, योगेंद्र उपाध्याय, राजेश मुंडा, राजू कुमार, ललन सिंह, शशिकांत साहू, राजू करमाली, अमित चौहान, रविंद्र प्रसाद, योगेश कुमार सिंह, सत्येंद्र प्रजापति आदि सक्रिय रहे।
आज शुक्रवार को मंदिर में भगवान शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी, जिसके साथ ही महायज्ञ का मुख्य पर्व संपन्न होगा।