सरेंडर’ टिप्पणी बनी पाकिस्तान की सुर्खियां और अंतरराष्ट्रीय बहस का विषय, रिजिजू ने दी राहुल गांधी को चेतावनी

Spread the News

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा दिए गए ‘नरेंदर सरेंडर’ बयान पर देश की सियासत गर्म है। अब यह विवाद भारत की सीमाओं को पार कर पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी सुर्खियां बटोर रहा है। राहुल गांधी की इस टिप्पणी को पाकिस्तानी मीडिया ने प्रमुखता से दिखाया है, वहीं पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने इस बयान को भारत विरोधी प्रचार के लिए इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते नजर आए। उन्होंने कहा, “भारत के विपक्ष के नेता ने प्रधानमंत्री को ‘नरेंदर सरेंडर’ कहा है। इससे बड़ी किसी राष्ट्रीय नेता की बेइज्जती मैंने नहीं देखी।” ख्वाजा आसिफ के इस बयान ने भारत की आंतरिक राजनीतिक बयानबाजी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचा दिया है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को कड़ी चेतावनी दी। रिजिजू ने सोशल मीडिया पर कहा कि विरोध की भी एक मर्यादा होती है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि क्या पार्टी में ऐसा कोई नहीं है जो राहुल गांधी को यह समझा सके कि सत्ता का विरोध देशविरोध नहीं होना चाहिए।

पाकिस्तानी नेताओं द्वारा राहुल गांधी के बयानों का इस्तेमाल पहले भी किया गया है। इससे पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी द्वारा भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर की गई तीखी टिप्पणी को भी पाकिस्तान के मंत्री ख्वाजा आसिफ ने आधार बनाकर भारत सरकार की आलोचना की थी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी के बयान का पाकिस्तान द्वारा इस तरह से इस्तेमाल किया जाना देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचा सकता है। वहीं भाजपा लगातार कांग्रेस पर विदेशी मंचों को भारत विरोधी एजेंडे के लिए सामग्री देने का आरोप लगाती रही है।