एलन मस्क का बड़ा दावा: एपस्टीन फाइल में ट्रंप का नाम, राष्ट्रपति पद से हटाने की मांग तेज

Spread the News

वॉशिंगटन: अमेरिका में दो ताकतवर शख्सियतों—टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप—के बीच टकराव अब बेहद तीखा होता जा रहा है। एलन मस्क ने अब ट्रंप को लेकर एक सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा है कि उनका नाम कुख्यात फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में दर्ज है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मस्क ने लिखा, “अब समय आ गया है कि बड़ा सच सामने आए। डोनाल्ड ट्रंप एपस्टीन फाइल्स में मौजूद हैं। यही वजह है कि ये दस्तावेज अब तक छिपाए गए हैं।”

महाभियोग की मांग को मिल रहा समर्थन

मस्क ने आगे कहा कि इस सच्चाई को इतिहास याद रखेगा। उन्होंने एक ऐसी पोस्ट भी साझा की जिसमें ट्रंप के खिलाफ महाभियोग चलाने और रिपब्लिकन सीनेटर जेडी वेंस को अमेरिका का अगला राष्ट्रपति बनाए जाने की मांग की गई थी। यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है।

कौन था जेफरी एपस्टीन?

जेफरी एपस्टीन एक विवादास्पद अमेरिकी निवेशक था, जिसने धनी और प्रभावशाली लोगों के साथ संबंध बनाकर अपार संपत्ति अर्जित की। 2008 में उस पर बाल यौन शोषण का मामला दर्ज हुआ, जिसके बाद उसे एक विवादास्पद सौदे के तहत हल्की सजा दी गई। 2019 में वह दोबारा मानव तस्करी और नाबालिगों के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार हुआ, लेकिन कुछ ही हफ्तों बाद न्यूयॉर्क की जेल में उसकी मौत हो गई। आधिकारिक तौर पर इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन कई लोगों का मानना है कि प्रभावशाली नामों को बचाने के लिए उसकी हत्या की गई।

दिग्गजों से रहे संबंध

एपस्टीन की कथित लिस्ट में कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों के नाम शामिल हैं, जिनमें ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रंप जैसे नाम प्रमुख हैं। हालांकि ट्रंप ने एपस्टीन के साथ किसी भी व्यक्तिगत संबंध से इनकार किया है और कहा था कि फाइलों को सार्वजनिक करने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। लेकिन अब तक ये फाइलें सामने नहीं आई हैं, जिससे संदेह और गहराता जा रहा है।

क्यों भड़के मस्क?

बताया जा रहा है कि यह विवाद तब और बढ़ा जब ट्रंप ने सरकारी बजट में कटौती का हवाला देते हुए एलन मस्क की कंपनियों टेस्ला और स्पेसएक्स से जुड़े कई कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने की बात कही। इसके जवाब में मस्क ने कहा कि यदि ट्रंप ऐसा करते हैं तो स्पेसएक्स अपने अंतरिक्ष मिशन ‘ड्रैगन’ को डिकमीशन करना शुरू कर देगा।

अब यह मामला केवल राजनीतिक टकराव का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर असर डालने वाला गंभीर विवाद बनता जा रहा है। कई लोगों की निगाहें अब अमेरिकी संसद और न्याय व्यवस्था पर टिकी हैं कि क्या ट्रंप के खिलाफ किसी प्रकार की संवैधानिक कार्रवाई की जाएगी या यह विवाद यहीं थम जाएगा।