मुंबई हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा आज पहुंचेगा भारत, फ्लाइट ने भरी उड़ान, इस जेल में काटेगा सजा

Spread the News

मुंबई में 2008 में हुए भयावह 26/11 आतंकी हमले को देश आज भी नहीं भुला पाया है। इस हमले के प्रमुख साजिशकर्ताओं में से एक तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार शाम 7:10 बजे (भारतीय समयानुसार) अमेरिका से उड़ान भर चुकी फ्लाइट के आज दोपहर दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

कौन है तहव्वुर राणा

तहव्वुर हुसैन राणा एक पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है, जो 26/11 हमले के मुख्य आरोपी डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का करीबी साथी रहा है। दोनों ने मिलकर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों — लश्कर-ए-तैयबा (LET) और हरकत-उल-जिहादी-इस्लामी (HUJI) — के साथ मिलकर भारत में आतंक फैलाने की साजिश रची थी। राणा को हेडली के पूरे आतंकी नेटवर्क की जानकारी थी। वह मुंबई में संभावित निशानों की रेकी करने और दिल्ली स्थित नेशनल डिफेंस कॉलेज और मुंबई के चबाड हाउस पर हमले की योजना में भी शामिल था। 2009 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने राणा, हेडली और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।

तिहाड़ जेल में काट सकता है सजा

राणा का भारत प्रत्यर्पण कई वर्षों तक कानूनी अड़चनों में फंसा रहा। हाल ही में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने उसकी अपील को खारिज कर दिया, जिससे भारत को उसे लाने का रास्ता साफ हो गया। अमेरिकी जेल प्रशासन ने पुष्टि की है कि अब वह आधिकारिक रूप से भारतीय अधिकारियों की हिरासत में है। भारत पहुंचने के बाद राणा को NIA अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी, जिससे 26/11 हमले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। सुरक्षा कारणों से संभावना जताई जा रही है कि उसे दिल्ली की तिहाड़ जेल की हाई सिक्योरिटी कोठरी में रखा जाएगा।