झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के गितिलिपि गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हुआ। एक घर में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से चार मासूम बच्चों की जलकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया।
कैसे हुआ हादसा
घटना सुबह 11 बजे के करीब हुई। चारों बच्चे घर के एक कमरे में रखे पुआल (सूखी घास) में खेल रहे थे। अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। उस वक्त घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था, क्योंकि सभी काम पर गए हुए थे।
गांव की एक महिला बिरंग गगराई पास के कुएं से पानी लेने आई थी। उसने बच्चों को आग में घिरा देखा और बचाने की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रही। जब तक गांव के लोग पहुंचे, तब तक आग विकराल हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में चार मासूम बच्चों की जलकर मौत हो गई
1. प्रिंस चातार (5 वर्ष) – पिता अर्जुन चातार
2. साहिल सिंकू (5 वर्ष) – पिता चंद्रमोहन सिंकू
3. रोहित सुंडी (2 वर्ष) – पिता सुखराम सुंडी
4. भूमिका सुंडी (5 वर्ष)
प्रशासन और राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ महेन्द्र छोटन उरांव, पुलिस इंस्पेक्टर बासुदेव मुंडा, बीडीओ सत्यम कुमार, सीओ मनोज कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी संजय सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। हालांकि, फायर ब्रिगेड की गाड़ी एक घंटे की देरी से पहुंची। आग बुझाने की कोशिशें जारी हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बच्चों के परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।