रामगढ़ में होमगार्ड बहाली परीक्षा में 1,108 महिला अभ्यर्थी शामिल, 661 रहीं अनुपस्थित

Spread the News

रामगढ़ प्रखंड और शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र की महिला अभ्यर्थियों ने दी शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा

रामगढ़, 05 नवंबर: जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत सिद्धू-कान्हू मैदान में बुधवार को रामगढ़ प्रखंड एवं शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा में दोनों क्षेत्रों से कुल 1,108 महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि 661 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं।

जारी आंकड़ों के अनुसार, रामगढ़ प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए कुल 428 अभ्यर्थी निर्धारित थीं। इनमें से 273 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 155 अनुपस्थित रहीं। वहीं, शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र की कुल 1,341 महिला अभ्यर्थियों में से 835 परीक्षा में शामिल हुईं और 506 अनुपस्थित रहीं।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा स्थल पर प्रवेश एवं निकास, अनुशासन तथा पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया। केवल अभ्यर्थियों को ही मैदान में प्रवेश की अनुमति दी गई। साथ ही, परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया था।

जिला प्रशासन के अनुसार, संशोधित कार्यक्रम के तहत 5 नवंबर को शहरी तकनीकी क्षेत्र के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित होगी। वहीं, 6 नवंबर को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगी।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर परीक्षा स्थल पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।